ऑपरेशन प्रहार के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी सीज कर दिया है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस द्वारा कुल्हाल क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान के दौरान पांवटा साहिब की ओर से आ रहे एक संदिग्ध छोटा हाथी वाहन को रोका गया।
वाहन में सवार तीन लोगों से पूछताछ की गई लेकिन वे परिवहन की जा रही सामग्री के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। तलाशी लेने पर वाहन से 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब ‘9 वन’ मेक चंडीगढ़ मार्का व्हिस्की बरामद हुई। साथ ही करीब 35 हजार रुपये नगद भी बरामद किए गए।

पुलिस ने मौके से जय सिंह, अमित कुमार और मंजीत को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कई वर्षों से एक व्यक्ति हरप्रीत के लिए अवैध शराब सप्लाई का काम कर रहे थे। शराब कहां से लोड करनी है और कहां पहुंचानी है, इसकी जानकारी उन्हें उसी के जरिए मिलती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी जांच कर रही है।
दून पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
