विकासनगर। लोगों ने कई महीनों से चली आ रही पेयजल समस्या के विरोध में सोमवार को सभासद सबल सेहरावत के नेतृत्व में जल संस्थान के एसडीओ कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने कार्यालय के बाहर मटका फोड़कर अपना रोष व्यक्त किया और अधिकारियों का ध्यान गंभीर जल संकट की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीओ जल संस्थान, विकासनगर से मांग की कि वे स्वयं क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्तर पर समस्या का जायजा लें तथा इसके स्थायी समाधान और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर तत्काल कार्य करें। लोगों का कहना है कि लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान एसडीओ जल संस्थान ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों एवं क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान से की जाएगी।
इस दौरान दिनेश दत्ता, रवि महेश्वरी, विक्की शमशाद, अकबर अली, अंकित रोहिल्ला, रोहित रोहिल्ला, विकास, गगन सेठी, अंकुर गर्ग, भानु गुप्ता और कितेश जायसवाल सहित अन्य स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
