विकासनगर के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद भाजपा नेता विनोद कश्यप की मृत्यु से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और न्याय की मांग उठी। इस दौरान कुछ स्थानों पर तनावपूर्ण स्थिति भी बनी, जिसके चलते पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त बल तैनात कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पड़े। प्रशासन की सतर्कता और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है।
सोमवार को मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब पीड़ित परिवार ने अपनी कुछ मांगों को लेकर प्रशासन से वार्ता की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए आश्वासनों के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई तथा पोस्टमार्टम के उपरांत विनोद कश्यप का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
मृतक के परिजनों ने प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर भरोसा जताते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद व्यक्त की है। वहीं प्रशासन ने परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
एसपी देहात पंकज गैरोला के अनुसार गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
फिलहाल गांव में जनजीवन सामान्य होने लगा है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
