देहरादून में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर अब एमडीडीए का शिकंजा और सख्त होता नजर आ रहा है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी खुद मैदान में उतरकर निरीक्षण कर रहे हैं। पछवादून क्षेत्र में आज बड़े स्तर पर स्थलीय निरीक्षण किया गया, जहां नियमों के विपरीत निर्माण गतिविधियों की जांच की गई।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण यानी एमडीडीए द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पछवादून क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और क्षेत्र में चल रही निर्माण गतिविधियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से क्षेत्र में मिली शिकायतों, उन पर हुई कार्रवाई और लंबित मामलों की जानकारी ली गई। साथ ही निर्माणाधीन भवनों और प्लॉटिंग परियोजनाओं के स्वीकृत मानचित्रों का परीक्षण भी किया गया।
एमडीडीए टीम ने यह भी जांच की कि जिन भवनों को स्वीकृति मिली है, वहां निर्माण कार्य निर्धारित मानचित्र के अनुसार ही किया जा रहा है या नहीं। निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर नियमों के उल्लंघन या स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण गतिविधियां पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ नियमित निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
